Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का प्रचार अब अंतिम दौर में है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज सहरसा और लखीसराय में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा और व्यंग्यात्मक हमला किया। उन्होंने पीएम मोदी को सलाह दी कि वह एक नया मंत्रालय- ‘अपमान मंत्रालय’ (Ministry of Insult)- बना लें, क्योंकि वे असली मुद्दों पर बात करने की बजाय हर बात में विपक्ष पर ‘अपमान’ करने का आरोप लगाते हैं।

पीएम बना लें ‘अपमान मंत्रालय’: Priyanka Gandhi
सहरसा के सोनबरसा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जनता का ध्यान बेरोजगारी और महंगाई जैसे असली मुद्दों से भटका रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जब भी प्रधानमंत्री से कोई सवाल पूछा जाता है, वो या तो कहते हैं कि विपक्ष उनका अपमान कर रहा है, या कर्नाटक का अपमान कर रहा है, या बिहार का अपमान कर रहा है। मेरा उनको सुझाव है कि वे एक नया ‘अपमान मंत्रालय’ ही बना लें, ताकि उनका समय बर्बाद न हो और वे लिस्ट बनाते रहें कि किसने कब उनका अपमान किया।”
बेरोजगारी और अग्निपथ पर घेरा
प्रियंका गांधी ने एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को ‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़’ बताया और कहा कि यह योजना न देश के हित में है और न ही युवाओं के। उन्होंने बिहार में वोटर लिस्ट से 65 लाख नाम काटे जाने का भी आरोप लगाया और इसे लोकतंत्र पर हमला बताया।
रोसड़ा में पप्पू यादव के साथ रोड शो
सहरसा और लखीसराय में रैलियों के बाद, प्रियंका गांधी ने शाम को समस्तीपुर जिले के रोसड़ा में एक रोड शो भी किया। इस रोड शो में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने महागठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में वोट मांगे, जिसे क्षेत्र में गठबंधन की एकजुटता के प्रदर्शन के तौर पर देखा गया।
Also Read: Bihar News: तेज प्रताप का RJD पर बड़ा हमला, कहा ‘हरे झंडे वाली पार्टी फर्जी’





