Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की वादियों में कुदरत का एक अनोखा करिश्मा देखने को मिला है। यहाँ के तुंदाह जंगल में एक बेहद दुर्लभ सफेद बंदर (Albino Rhesus Macaque) देखा गया है।असम के बाद यह देश का दूसरा ऐसा मामला है, जब पूरी तरह से सफेद रंग का बंदर कैमरे में कैद हुआ हो। हिमाचल के वन्य जीव इतिहास में इसे एक बड़ी घटना माना जा रहा है।

वन रक्षक के कैमरे में कैद हुआ अद्भुत नजारा
यह दुर्लभ नजारा रविवार को वन मंडल भरमौर के तुंदाह क्षेत्र में देखने को मिला। वन रक्षक कुशल कुमार जब जंगल में नियमित गश्त कर रहे थे, तभी उनकी नजर बंदरों के एक झुंड पर पड़ी। उन्होंने देखा कि एक मादा बंदर की पीठ पर एक बर्फ जैसा सफेद बंदर बैठा है। कुशल कुमार ने बिना देरी किए इस अद्भुत पल को अपने कैमरे में कैद कर लिया और उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
कोई नई प्रजाति नहीं, बल्कि ‘एल्बिनो’ है यह
वन अधिकारियों और विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बंदर कोई अलग प्रजाति का नहीं है, बल्कि सामान्य ‘रीसस मकाक’ ही है।
-
वैज्ञानिक कारण: यह ‘एल्बिनो’ (Albino) श्रेणी में आता है। यह एक जन्मजात आनुवंशिक स्थिति है, जिसमें शरीर में ‘मेलेनिन’ का निर्माण नहीं होता या बहुत कम होता है। इसी वजह से इस बंदर का रंग सिर से लेकर पूंछ तक चमकदार सफेद है।
असम में 2022 में दिखा था ऐसा बंदर
भारत में इस तरह का सफेद बंदर दिखना बेहद दुर्लभ घटना है। इससे पहले साल 2022 में असम के जंगलों में ऐसा ही एक सफेद रीसस मकाक दर्ज किया गया था। अब हिमाचल प्रदेश में इसकी मौजूदगी ने वन्य जीव प्रेमियों और विशेषज्ञों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।





