समस्तीपुर डीएम ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन काम करने वाली महिलाओं और छात्राओं को सम्मानित किया। समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिले की उन महिलाओं और छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा, समाज सेवा, कला और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन काम कर जिले का मान बढ़ाया है। जिलाधिकारी ने अपने हाथों से मेधावी छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं और उनकी प्रगति ही जिले की वास्तविक प्रगति है। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर में आईसीडीएस, कला एवं संस्कृति विभाग और शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाई गईं। जिलाधिकारी ने इन रंगोलियों का बारीकी से अवलोकन किया और महिला सशक्तिकरण के संदेश को कला के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए संबंधित विभागों की सराहना की।
महिला सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जिलाधिकारी ने स्वयं हस्ताक्षर कर इस अभियान की शुरुआत की और उपस्थित लोगों से महिलाओं को सुरक्षित और स्वावलंबी बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम की कड़ी में जिलाधिकारी ने समाहरणालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने संदेश दिया कि जिस प्रकार नारी जीवन का सृजन करती है उसी प्रकार प्रकृति हमारे अस्तित्व का आधार है दोनों का सम्मान और संरक्षण आवश्यक है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीता और कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी सहित अलग अलग विभागों के अधिकारी मौजूद थे। ।
समारोह का समापन महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया। जहां प्रशासन ने भविष्य में भी महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Also Read- हस्तरेखा शास्त्र में गुरु पर्वत पर बना स्क्वायर यानी वर्ग अत्यंत शुभ माना जाता है





