Sasaram News: शहर में शुक्रवार को हुई महज आधे घंटे की तेज बारिश ने सासाराम सदर अस्पताल की व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद अस्पताल परिसर में चारों ओर पानी भर गया, जिससे मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर विभिन्न वार्डों तक पानी जमा हो गया। मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर पर ले जाना मुश्किल हो गया, वहीं डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत उन मरीजों को हुई जो पहले से ही गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुँचे थे।
स्थानीय लोगों और मरीजों ने अस्पताल प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हर साल बरसात में यही हाल होता है, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
एक तीमारदार ने बताया, “यह कोई पहली बार नहीं है। अस्पताल परिसर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल है। मरीजों को कीचड़ और बदबूदार पानी में इलाज के लिए जाना पड़ता है।”
डॉक्टरों ने भी स्थिति पर चिंता जताई है और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की है। अगर यही हाल रहा, तो अस्पताल में संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।
बहरहाल, यह घटना न केवल नगर निगम की लचर व्यवस्था को उजागर करती है, बल्कि एक बड़े अस्पताल की दुर्दशा की तस्वीर भी सामने लाती है, जहाँ हर दिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं।