झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC), रांची की ओर से आयोजित मैट्रिक और इंटर (कला, विज्ञान और वाणिज्य) परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण और नकल-मुक्त तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में 3 फरवरी 2026 को उपायुक्त अंजली यादव और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने जिले के कई परीक्षा केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महिला कॉलेज गोड्डा, उत्क्रमित हाई स्कूल गोढ़ी घाट, मिडिल स्कूल गोड्डा (BOYS), वीर कुंवर सिंह इंटर कॉलेज और एस.आर. पब्लिक स्कूल, सरकंडा स्थित परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों की व्यवस्था, निरीक्षकों की मौजूदगी, छात्रों की संख्या, सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली।
उपायुक्त अंजली यादव ने केंद्राधीक्षकों और तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी ईमानदारी और गोपनीयता के साथ कराई जाए। उन्होंने समय पर प्रवेश, अनुशासन बनाए रखने, मोबाइल फोन पर रोक, बैठने की सही व्यवस्था और जरूरी कागजात ठीक से रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव और नगर थाना प्रभारी दिनेश महली भी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
Also Read- झारखंड बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षा आज से शुरू, 7 लाख से ज्यादा छात्र दे रहे हैं एग्जाम





