Sitamarhi News: खबर सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया में बंधन बैंक कर्मी से लूट और गोली मारकर हत्या की है. पुलिस ने इस मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को बैरगनिया थाना क्षेत्र के बराही गांव में बंधन बैंक के कर्मचारी श्रवण कुमार से 50 हजार रुपये की लूट हुई थी। विरोध करने पर अपराधियों ने बैंक कर्मचारी को गोली मार दी।
घटना के बाद से ही पुलिस की एक विशेष टीम अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने रोहन कुमार, दीपक कुमार और छोटू कुमार उर्फ प्रभाकर को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य आरोपी रोहित कुमार और भोला पासवान पहले से ही पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
Also Read: Gopalganj News: गोपालगंज में चुनावी निगरानी के बीच 7.5 लाख रुपये की नकदी जब्त
पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से बरामद हथियार और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल घटना में किया गया था। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहन जाँच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर थाना स्तर पर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।





