झारखंड के गोड्डा में देवर के साथ अवैध संबंध चलते पत्नी ने पति की हत्या कराई। जिले के महगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत मांगन पीपरा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पान दुकानदार अमित मोदी (32 साल) की 27-28 जनवरी की रात धारदार हथियार से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में मामला सामान्य आपराधिक घटना जैसा प्रतीत हो रहा था। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने तहकीकात आगे बढ़ाई सच्चाई चौंकाने वाली निकली।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी सोनी देवी और उसके सगे भाई रोहित मोदी के बीच पिछले पांच-छह वर्षों से अवैध संबंध थे। यही संबंध आगे चलकर साजिश में बदल गया। दोनों ने मिलकर अमित मोदी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
आरोप है कि रोहित मोदी ने अपने गांव के मोहम्मद शाईन आलम को एक लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। शाईन आलम ने विजेन्द्र पासवान उर्फ बिदो को 25 हजार रुपये में इस साजिश में शामिल किया। घटना से करीब एक सप्ताह पहले हत्या के लिए गंडासा खरीदा गया था।
मोहम्मद शाईन आलम हत्योया की योजना के तहत 27 जनवरी की रात अमित मोदी को शराब पिलाने के बहाने घर से बाहर बुलाया और उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर गंडासे से सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया गया।
हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक मृतक का मोबाइल फोन उसकी पत्नी ने बंद कर छिपा दिया और बाद में उसे गंगा नदी में फेंक दिया ताकि कोई सुराग न मिल सके।
मामले में पुलिस ने मो. शाईन आलम (25 साल), विजेन्द्र पासवान उर्फ बिदो (35 साल) और सोनी देवी (30 साल) को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गंडासा, खून लगी मिट्टी, दो मोबाइल फोन और महुआ शराब से भरी प्लास्टिक बोतल बरामद की गई है।
इस हत्याकांड ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब रिश्तों की नींव विश्वास की जगह विश्वासघात पर टिक जाती है तो उसका अंजाम विनाशकारी होता है। एक पत्नी, एक भाई और पैसों के लालच ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।
फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





