साल 2025 में लगे महाकुंभ मेले के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा का कारण उनकी शादी है। मोनालिसा ने अभिनेता और मॉडल फरमान खान से शादी कर ली है। दिलचस्प बात यह है कि फरमान मुस्लिम समुदाय से आते हैं जबकि मोनालिसा हिंदू हैं।

दोनों ने केरल के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे “लव जिहाद” से जोड़कर भी देख रहे हैं।
शादी को लेकर मोनालिसा ने तोड़ी चुप्पी
शादी के बाद उठे विवाद पर मोनालिसा ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि उनका निर्णय पूरी तरह व्यक्तिगत है। उन्होंने लव जिहाद के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे सभी धर्मों का सम्मान करती हैं। मोनालिसा कहा कि उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया है और इसमें किसी तरह की धार्मिक साजिश नहीं है।
परिवार में नाराजगी और दुख का माहौल
मोनालिसा की शादी की खबर सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के महेश्वर में उनके परिवार के बीच नाराजगी और दुख का माहौल बताया जा रहा है। मोनालिसा की दादी प्रमिला बाई ने इस फैसले पर अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि परिवार ने उनके लिए कई सपने देखे थे। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि मोनालिसा ने बिना परिवार की सहमति के अचानक शादी कर ली।
निर्देशक सनोज मिश्रा का आरोप
इस पूरे विवाद पर फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फेसबुक पर एक लंबी पोस्ट लिखते हुए इस मामले को “बगावत नहीं, लव जिहाद” बताया। उन्होंने लिखा कि महाकुंभ के दौरान वायरल होने के बाद मोनालिसा अचानक चर्चा में आई थीं और उनकी सादगी से प्रभावित होकर उन्होंने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में लॉन्च करने का फैसला किया था। मिश्रा का दावा है कि उनके इस फैसले का देश-विदेश में स्वागत हुआ था, लेकिन कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधियों ने उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवा दिया और इस पूरे विवाद का उद्देश्य महाकुंभ आयोजन को बदनाम करना था।
केरल के मंदिर में हुई शादी
11 मार्च को दोनों ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर स्थित श्री नैनार देव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह किया। बताया जा रहा है कि दोनों ने परिवार की सहमति के बिना केरल जाकर सिविल मैरिज भी की।
फिल्मी दुनिया में कदम रखने की तैयारी
मोनालिसा जल्द ही मलयालम सिनेमा में फिल्म ‘नागम्मा’ से अभिनय की शुरुआत करने जा रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन पी. बिनु वर्गीस कर रहे हैं और इसमें उनके साथ मलयाली अभिनेता कैलाश नजर आएंगे। इसके अलावा मोनालिसा निर्देशक सनोज मिश्रा की आगामी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ से बॉलीवुड में भी डेब्यू करने की तैयारी में हैं।
फरमान का परिवार और गांव का रुख
फरमान खान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के पालड़ी गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता जफर खेतीबाड़ी से जुड़े किसान हैं। बताया जाता है कि फरमान करीब 13 साल पहले घर छोड़कर मुंबई चले गए थे और वहीं फिल्मी दुनिया में अपनी किस्मत आजमाने लगे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मोनालिसा से हुई।फरमान के दो बड़े भाई गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं और दोनों शादीशुदा हैं। हालांकि परिवार के कुछ सदस्य इस शादी से खुश बताए जा रहे हैं और अपनी नई भाभी से मिलने की इच्छा जता रहे हैं।
ससुर का विरोध
दूसरी ओर फरमान के पिता जफर इस शादी से नाराज बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि दूसरे धर्म में विवाह को लेकर गांव में विवाद की स्थिति बन सकती है।इसी वजह से उन्होंने फिलहाल फरमान को मोनालिसा के साथ गांव आने से मना किया है। उनका मानना है कि इससे गांव में अनावश्यक विवाद खड़ा हो सकता है।
Also Read- सावधान! LPG के चक्कर में कहीं बैंक अकाउंट ना खाली हो जाए!





