Delimitation: देश में नए परिसीमन की प्रक्रिया लागू होने की चर्चा के बीच झारखंड की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। संभावित परिसीमन के बाद राज्य में लोकसभा की सात और विधानसभा की 41 सीटें बढ़ सकती हैं। इस स्थिति में झारखंड में लोकसभा सीटों की संख्या 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा सीटों की संख्या 81 से बढ़कर 121 या 122 हो सकती है।
हालांकि फिलहाल लोकसभा सीटों में वृद्धि से जुड़े प्रस्ताव को ही केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने की बात सामने आई है। झारखंड में सीटों की वास्तविक संख्या और परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
परिसीमन की इस संभावित प्रक्रिया में झारखंड के सामने सबसे बड़ी चुनौती अनुसूचित जनजाति (एसटी) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की होगी। राज्य की राजनीति में आदिवासी समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए आरक्षित सीटों की संख्या और उनके अनुपात में होने वाला बदलाव काफी अहम माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2007 में परिसीमन के दौरान एसटी आरक्षित सीटों को लेकर राज्य में व्यापक विरोध देखने को मिला था।

Delimitation: 2007 के परिसीमन में घटने वाली थीं आदिवासी आरक्षित सीटें
झारखंड में परिसीमन का मुद्दा नया नहीं है। वर्ष 2007 में हुए परिसीमन के दौरान राज्य की विधानसभा में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 करने और लोकसभा की एसटी आरक्षित सीटों को पांच से घटाकर चार करने का प्रस्ताव सामने आया था। इस प्रस्ताव का राज्य में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक विरोध हुआ था।
आदिवासी संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों ने इसका विरोध करते हुए जनजातीय समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर चिंता जताई थी। विरोध के बाद केंद्र सरकार को कानून में संशोधन करना पड़ा था और झारखंड में परिसीमन लागू करने पर रोक लगानी पड़ी थी।
करीब दो दशक बाद एक बार फिर परिसीमन की चर्चा शुरू होने से यह मुद्दा महत्वपूर्ण हो गया है। इस बार भी राज्य में आदिवासी प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की मांग प्रमुखता से उठ सकती है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, परिसीमन के दौरान केवल सीटों की संख्या बढ़ाना ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक और जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखना भी अहम होगा।
Delimitation: मौजूदा आरक्षण अनुपात बरकरार रहा तो 42 विधानसभा सीटें हो सकती हैं ST के लिए आरक्षित
संभावित परिसीमन में यदि झारखंड की सीटों में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है और मौजूदा आरक्षण अनुपात को बरकरार रखा जाता है, तो विधानसभा में एसटी के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 42 हो सकती है। इसी तरह लोकसभा में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या पांच से बढ़कर सात या आठ तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
हालांकि आरक्षित सीटों की वास्तविक संख्या का निर्धारण परिसीमन के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाले जनगणना के आंकड़ों और संबंधित संवैधानिक एवं कानूनी प्रावधानों के आधार पर होगा। इसलिए फिलहाल इन आंकड़ों को संभावित आकलन के तौर पर ही देखा जा रहा है।
इधर, केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन विधेयक लाने की चर्चा के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भी इस मुद्दे पर अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें पार्टी के सांसद और विधायक शामिल होंगे। बैठक में परिसीमन के संभावित प्रभावों, झारखंड के हितों और महिला आरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद पार्टी अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करेगी।
वहीं, शुक्रवार को नेमरा में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी नजर परिसीमन विधेयक पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड के हितों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
कुल मिलाकर संभावित परिसीमन झारखंड की संसदीय और विधानसभा राजनीति का स्वरूप बदल सकता है। एक ओर सीटों की संख्या बढ़ने से प्रतिनिधित्व का दायरा विस्तृत होने की संभावना है, तो दूसरी ओर आदिवासी आरक्षण का मौजूदा अनुपात और राजनीतिक भागीदारी बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी। अब सबकी नजर केंद्र सरकार के प्रस्ताव और झामुमो की बैठक के बाद सामने आने वाले राजनीतिक रुख पर टिकी है।
इसे भी पढ़ें- Women Reservation Bill: कैबिनेट ने दी नए बिल को मंजूरी








