Women Reservation Bill: देश की राजनीति में महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर एक बार फिर बड़ी हलचल शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली केंद्र सरकार ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी दे दी।
सरकार अब इस विधेयक को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी में है। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने और महिलाओं के लिए एक-तिहाई यानी 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को तेज करने की योजना है।
सरकार का यह कदम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले अप्रैल 2026 में भी मोदी सरकार ने इस तरह का विधेयक संसद में पेश करने की कोशिश की थी, लेकिन लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था। अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ दोबारा संसद में इसे आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
Women Reservation Bill: लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव
रिपोर्ट के अनुसार, नए विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सदस्य संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव शामिल है। इसके तहत लोकसभा की सीटों में मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की योजना है। प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 तक पहुंच सकती है।
इस प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि परिसीमन के बाद राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा आनुपातिक हिस्सा वर्ष 2051 तक सुरक्षित रखने की योजना है। इसका उद्देश्य उन राज्यों की चिंताओं को दूर करना है जिन्हें आशंका है कि परिसीमन के कारण संसद में उनका प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना है। इसके जरिए जनसंख्या और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जाता है।
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों ने पहले भी परिसीमन को लेकर चिंता जाहिर की थी। उनका तर्क रहा है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को भविष्य में संसद में प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान नहीं होना चाहिए। नए प्रस्ताव में राज्यों के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखने की व्यवस्था इसी चिंता को ध्यान में रखकर शामिल किए जाने की बात कही जा रही है।
2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू हो सकता है महिला आरक्षण
महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून वर्ष 2023 में ही पारित किया जा चुका है। हालांकि, इसके लागू होने को अगली जनगणना और उसके बाद होने वाली परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ा गया था। इस कारण महिला आरक्षण का वास्तविक क्रियान्वयन 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद तक टलने की संभावना जताई जा रही थी।
Women Reservation Bill: अब केंद्र सरकार नए विधेयक के जरिए इस प्रक्रिया को तेज करना चाहती है
इस प्रक्रिया में तेजी लान की वजह संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने का रास्ता जल्द तैयार हो सके।
इस विधेयक के पारित होने से देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव हो सकता है। हालांकि, इसके लिए संसद में संविधान संशोधन से संबंधित आवश्यक बहुमत हासिल करना अनिवार्य होगा।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह विधेयक मोदी सरकार के लिए एक बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। अप्रैल में विधेयक पारित नहीं करा पाने के बाद सरकार अब नए संशोधनों और क्षेत्रीय दलों के समर्थन के सहारे इसे आगे बढ़ाने की कोशिश में है। विपक्षी दल भी इस मुद्दे पर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से प्रस्तावित है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
अब सबकी नजरें संसद के विशेष सत्र पर टिकी हैं। देखना होगा कि केंद्र सरकार इस बार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को आवश्यक बहुमत के साथ पारित कराने में सफल हो पाती है या नहीं।
इसे भी पढ़ें- Baramuri Khatal: धनबाद के बारामुड़ी खटाल का मुद्दा विधानसभा में गूंजा











1 thought on “Women Reservation Bill: कैबिनेट ने दी नए बिल को मंजूरी, लोकसभा और विधानसभा की सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव”