बिहार के बक्सर में उस्ताद बिस्मिल्लाह खां महोत्सव का भव्य और उल्लासपूर्ण उद्घाटन डुमरांव में शनिवार को किया गया। यह महोत्सव भारत के महान शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की स्मृति में आयोजित किया गया है, जिनका जन्म इसी धरती पर हुआ था। उद्घाटन समारोह में बक्सर की जिलाधिकारी साहिला, उपजिलाधिकारी राकेश कुमार, एडीएम अरुण सिंह और स्थानीय विधायक राहुल सिंह उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक शहनाई वादन से हुई। शहनाई की मधुर आवाज से पूरे माहौल को भक्तिमय और सुरमय बना दिया। शहनाई के मधुर सुरों ने आयोजन स्थल को एक अलौकिक अनुभूति प्रदान की और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में देश-विदेश से आए सूफी गायक सबरी ब्रदर्स, लोक कलाकार और शास्त्रीय संगीत के दिग्गजों ने अपनी प्रस्तुतियों से हर किसी का दिल जीत लिया। सूफी संगीत और शास्त्रीय रागों की मधुरता ने संगीत प्रेमियों और उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य न केवल उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की सांगीतिक धरोहर को संजोना था, बल्कि यह भी था कि नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का एक प्रयास किया जाए।
इस महोत्सव ने डुमरांव को एक सांस्कृतिक पहचान दी है और यह आयोजन संगीत प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया। प्रशासन और आयोजकों ने इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं।
यह महोत्सव न केवल बिस्मिल्लाह खां के योगदान को सम्मानित करता है, बल्कि भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत को भी लोगों के दिलों में स्थान दिलाने का एक प्रयास है।
इसे भी पढ़े- नहाय खाय और कद्दू-भात के साथ आज से चैती छठ की शुरुआत





