आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई का सख्त एक्शन लेते हुए बिहार के शिवहर में डीडीसी बृजेश कुमार के कई ठिकानों पर रेड की है। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई देखने को मिली। विशेष निगरानी इकाई ने बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करते हुए उनके कई ठिकानों पर छापेमारी की।

सुबह-सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई में निगरानी टीम ने उनके आवास समेत अन्य कथित ठिकानों को खंगाला। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बृजेश कुमार ने अपनी सेवा अवधि के दौरान लगभग 1.84 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की, जो उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक बताई जा रही है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में चल रही भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम का हिस्सा है, जिसमें सरकार ने साफ संकेत दिया है कि किसी भी स्तर के अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
निगरानी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह तो शुरुआती कार्रवाई है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे संपत्ति जब्ती, गिरफ्तारी या विभागीय कार्रवाई जैसे कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
प्रशासनिक महकमे में इस रेड को एक स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में अब सख्ती और तेज़ी दोनों बढ़ाई जा रही है।





