Chhath Puja: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा शुक्रवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही संपन्न हो गया।
चार दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व के अंतिम दिन सुबह से ही नदी, तालाबों और विभिन्न जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इसी के साथ छठ महापर्व का समापन हो गया।
Chhath Puja: पिछले चार दिनों से भक्तिमय वातावरण बना हुआ था
छठ पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में पिछले चार दिनों से भक्तिमय वातावरण बना हुआ था। पर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई थी। इसके बाद व्रतियों ने पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार किया। खरना के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हुआ। व्रतियों ने कठिन नियमों का पालन करते हुए भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की।
पर्व के तीसरे दिन शाम को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंज रहे थे। हाथों में पूजा की टोकरी, सूप और फल लेकर श्रद्धालु पूरे परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
व्रतियों ने जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया
वहीं अंतिम दिन अहले सुबह से ही छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। जैसे ही भगवान भास्कर ने क्षितिज पर अपनी लालिमा बिखेरी व्रतियों ने जल में खड़े होकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया। इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पारण के साथ पूरा हुआ।
छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण और पारिवारिक सद्भाव का भी संदेश देता है। इस पर्व में अमीर-गरीब, जाति और वर्ग का भेद मिट जाता है। सभी लोग एक साथ घाटों की सफाई, सजावट और पूजा की तैयारियों में जुटे नजर आते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। छठ पूजा के सफल आयोजन में स्थानीय लोगों, पूजा समितियों और युवाओं का सराहनीय योगदान रहा।
सुबह के अर्घ्य के साथ ही चार दिनों तक चलने वाला आस्था और विश्वास का महापर्व छठ संपन्न हो गया। हालांकि, पर्व के समापन के बाद भी छठी मैया के मधुर गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं के मन में भक्ति, विश्वास एवं उत्साह की भावना बनी रही।
इसे भी पढ़ें- Chhath Puja: छठ पूजा में बांस के सूप में ही क्यों सजाया जाता है ठेकुआ








