झारखंड में बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि, राज्य के कई जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश सिमडेगा में दर्ज की गई। यहां 34.2 mm वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि गुमला में 1 mm बारिश हुई।

बारिश के बावजूद राज्य के लगभग सभी प्रमुख जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मेदिनीनगर में 36.2°C, जमशेदपुर में 34.8°C और बोकारो में 34.1°C तापमान दर्ज हुआ।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों—गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार—को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
तेज हवाएं चलने की चेतावनी
विभाग ने बताया है कि बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रांची का मौसम कैसा रहेगा?
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 21°C रहने का अनुमान है। मौसम में नमी और बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।




