सोशल मीडिया (social media) पर अनजान लोगों से दोस्ती बच्चों और किशोरों के लिए किस तरह जोखिम भरी साबित हो सकती है, इसका एक ताजा मामला मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर सामने आया। आरपीएफ की सतर्कता से रविवार शाम एक नाबालिग प्रेमी जोड़े को समय रहते पकड़ लिया गया। दोनों social media के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए थे और घर से भागकर ओडिशा के संबलपुर जाने की योजना बना रहे थे। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे आरपीएफ प्रभारी के. रविंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर संदिग्ध परिस्थिति में बैठे एक किशोर और किशोरी पर पड़ी। पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि वे एक-दूसरे को social media के माध्यम से जानते हैं। किशोरी मनोहरपुर थाना क्षेत्र की निवासी है, जबकि किशोर गोईलकेरा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पूछताछ में दोनों नाबालिग पाए गए।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि सोशल मीडिया पर दोस्ती होने के बाद रविवार को ही मनोहरपुर के साप्ताहिक बाजार में उनकी पहली मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया और संबलपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंच गए। किशोर ने बताया कि वह संबलपुर की एक कंपनी में काम करता है। दोनों वहीं जाकर काम करने और भविष्य में शादी करने की योजना बना रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल दोनों के परिजनों से संपर्क किया। सोमवार को चाइल्ड लाइन के मनोज दास और बाल संरक्षण पदाधिकारी जगन्नाथ पोद्दार की मौजूदगी में नाबालिग लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं नाबालिग लड़के को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) भेज दिया गया। अभियान में एसआई इंद्रजीत कुमार, एएसआई एस.एन. यादव तथा कांस्टेबल रितु हलदर की सक्रिय भूमिका रही।
इसे भी पढ़े – ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थ (narcotics) की खरीद बिक्री पर पुलिस की नकाबंदी





