धनबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और गोपी खान के इशारे पर हत्या की साजिश रच रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी और शोएब कुरैशी के रूप में हुई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि भुली ओपी क्षेत्र स्थित बी. पॉलीटेक्निक के पास जंगल में दोनों आरोपी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो जिंदा बम बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों में “Made in Italy” अंकित होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचे।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि प्रिंस खान और गोपी खान के निर्देश पर दोनों आरोपी वासेपुर के एक जमीन कारोबारी और एक होटल व्यवसायी की हत्या की साजिश रच रहे थे। इसके लिए वे पिछले कई दिनों से दोनों की रेकी भी कर रहे थे। पुलिस को समय रहते सूचना मिलने के कारण संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शोएब कुरैशी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क, हथियारों के स्रोत तथा इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
धनबाद पुलिस ने वासेपुर के कुख्यात अपराधी गैंगस्टर प्रिंस खान उर्फ मो. हैदर अली के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई सख्त करती जा रही है। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान से गैंग की कमर टूटती नजर आ रही है। पिछले नौ माह के दौरान प्रिंस खान का राइट हैंड माने जाने वाला सैफी उर्फ मेजर सहित 45 अपराधियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
Also Read-JPSC की 5 परीक्षाएं स्थगित, संयुक्त सिविल सेवा पीटी रद्द होने की भी संभावना





