रांची में चतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान के बेटे के कथित अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया है। घटना सोमवार शाम विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हलांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटे बाद विधायक के बेटे सौैरव को ढ़ूंढ निकाला। रांची के अरगोड़ा से सौरव को बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि विधायक के बेटे एमिटी यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं। सोमवार को यूनिवर्सिटी से बाहर निकलने के दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और इसके बाद उन्हें स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए। घटना के बाद से परिवार का युवक से संपर्क नहीं हो पा रहा था।
यूनिवर्सिटी गेट पर मारपीट के बाद ले जाने का आरोप

विधायक जनार्दन पासवान के अनुसार, उनके बेटे के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसे जबरन अपने साथ ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक चतरा से रांची के लिए रवाना हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मौके पर तीन से चार स्कॉर्पियो वाहनों के पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना में कितने लोग शामिल थे और युवक को किस वजह से ले जाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
गेट के बाहर खड़ी मिली छात्र की थार

घटना के बाद युवक की थार गाड़ी एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर खड़ी मिली। बताया जा रहा है कि युवक को ले जाने वाले लोग स्कॉर्पियो वाहनों से आए थे। थार के मौके पर खड़े मिलने और युवक के संपर्क से बाहर होने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद युवक का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी तरह के विवाद की जानकारी पहले से नहीं थी।
CCTV फुटेज खंगाल रही रांची पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में जांच शुरू कर दी। एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्ध वाहनों की पहचान करने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक यूनिवर्सिटी से निकलने के बाद किन परिस्थितियों में लापता हुआ।
पुलिस मामले से जुड़े लोगों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों में भी जांच की जा रही है।
अपहरण या किसी विवाद का मामला, जांच के बाद होगी स्थिति साफ

फिलहाल शुरुआती जानकारी के आधार पर अपहरण की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है और इसमें कौन लोग शामिल हैं, यह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
विधायक के बेटे की थार का यूनिवर्सिटी गेट के बाहर मिलना, कई स्कॉर्पियो वाहनों के मौके पर पहुंचने की बात और CCTV फुटेज इस जांच में महत्वपूर्ण कड़ियां मानी जा रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है। अब पुलिस की जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।





