रांची में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के प्रसिद्ध फार्म हाउस ‘कैलाशपति’ में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में एक कोबरा सांप दिखाई दिया। फार्म हाउस के कर्मचारियों की नजर सांप पर पड़ते ही उन्होंने बिना जोखिम उठाए तुरंत रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले सांप की लोकेशन का जायजा लिया गया और फिर सावधानीपूर्वक उसे पकड़ने का अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान कोबरा को लगी मामूली चोट
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सांप के शरीर पर हल्की चोट आई, जिसके बाद उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के दौरान फार्म हाउस के कर्मचारियों और आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई ।
स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक ने कहा कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि महेंद्र सिंह धोनी के फार्म हाउस में कोबरा सांप घुस आया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी के साथ सांप को रेस्क्यू किया और बाद में उसे सुरक्षित प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया।
धोनी के परिवार का कोई सदस्य फार्म हाउस में नहीं था
घटना के समय फार्म हाउस में धोनी के परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इस वजह से किसी अप्रिय घटना की स्थिति नहीं बनी। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद फार्म हाउस के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
कोबरा मिलने की खबर आसपास के इलाके में भी तेजी से फैल गई, जिसके बाद कई लोग इसे देखने के लिए मौके पर पहुंच गए। हालांकि रेस्क्यू टीम ने स्थिति को संभालते हुए सांप को सुरक्षित तरीके से वहां से हटा दिया।
लोगों से की गई सांपों को न मारने की अपील
नारायण प्रमाणिक ने लोगों से अपील की कि घर या रिहायशी इलाके के आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट या संबंधित स्थानीय सहायता टीम को सूचना देनी चाहिए।
इससे इंसानों को भी अनावश्यक खतरे से बचाया जा सकता है और सांप की जान भी बचाई जा सकती है।
करीब 7 एकड़ में फैला है धोनी का ‘कैलाशपति’ फार्म हाउस
महेंद्र सिंह धोनी का रांची स्थित फार्म हाउस ‘कैलाशपति’ शहर के रिंग रोड क्षेत्र में स्थित है और करीब 7 एकड़ में फैला बताया जाता है। यह फार्म हाउस अपनी हरियाली, बड़े लॉन और आधुनिक सुविधाओं के लिए जाना प्रसिद्ध है।
महेंद्र सिंह धोनी के फार्मा हाउस में जिम, स्विमिंग पूल, इंडोर स्पोर्ट्स की सुविधा, क्रिकेट प्रैक्टिस एरिया और वाहनों के लिए बड़ा गैरेज जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। धोनी और उनकी पत्नी साक्षी को पशु-पक्षियों से भी काफी लगाव है। फार्म हाउस से जुड़े कई फोटो और वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर सामने आते रहे हैं।
फार्म हाउस में होती है जैविक खेती

कैलाशपति फार्म हाउस का एक बड़ा हिस्सा हरियाली और खेती के लिए भी इस्तेमाल किया जाता है। यहां विभिन्न प्रकार के फल और सब्जियां उगाए जाने की जानकारी सामने आती रही है। फार्म हाउस को धोनी की निजी जिंदगी और प्रकृति से उनके जुड़ाव का एक अहम हिस्सा माना जाता है।
धोनी के इस फार्म हाउस का निर्माण कई साल पहले शुरू हुआ था और वह 2017 के आसपास यहां अपने परिवार के साथ रहने के लिए शिफ्ट हुए थे। यह जगह अब भी उनके प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय है।
कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू करने और जंगल में छोड़े जाने के बाद फार्म हाउस में स्थिति सामान्य है। इस घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि रिहायशी इलाकों में सांप मिलने पर उन्हें मारने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लेना ज्यादा सुरक्षित और जिम्मेदार कदम है।





