जामताड़ा में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने बीट पुलिसिंग व्यवस्था की शुरुआत की है। अपराध नियंत्रण को लेकर झारखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश के तहत जामताड़ा थाना क्षेत्र को तीन अलग-अलग बीट क्षेत्रों में बांटकर पुलिस पदाधिकारियों और अपराध नियंत्रण को जवानों की तैनाती की गई है। उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बीट पुलिसिंग व्यवस्था का शुभारंभ किया।
बीट पुलिसिंग के तहत पुलिस पदाधिकारी और जवान अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण करेंगे तथा आम लोगों, व्यवसायियों और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय रहते जुटाना, अपराध की रोकथाम करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
बता दें व्यवस्था के तहत बैंक, एटीएम, सीएसपी, आभूषण दुकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, धार्मिक स्थल और महत्वपूर्ण आवासीय क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं नियमित गश्ती की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के साथ ही स्थानीय लोगों से मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आपात स्थिति में लोगों तक पुलिस की सहायता जल्द पहुंचाने के लिए प्रत्येक बीट क्षेत्र के लिए अलग मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है। इससे आम नागरिक सीधे अपने क्षेत्र की पुलिस से संपर्क कर सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बीट पुलिसिंग केवल गश्ती व्यवस्था नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की पहल है। पुलिस का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ाकर अपराध पर समय रहते अंकुश लगाना और लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।








1 thought on “जामताड़ा में अपराध नियंत्रण के लिए नई पहल: हर बीट के दिए गए अलग मोबाइल नंबर”