जमशेदपुर में दुर्गा पूजा को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी राजीव रंजन के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने एमजीएम और सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान छायानगर और बड़ाबांकी इलाके से करीब 200 लीटर अवैध चुलाई शराब और 12 हजार किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर जब्त किया गया।
अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्तता के मामले में दो अभियुक्तों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
झारखंड में अवैध शराब का कारोबार और उसकी तस्करी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है, जिसके खिलाफ राज्य प्रशासन और उत्पाद विभाग लगातार बड़े पैमाने पर अभियान चला रहा है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीमों ने पूरे राज्य में छापेमारी तेज कर दी है।
कुछ दिनों पहले ही खूंटी के सायको थाना क्षेत्र के बलंगा, कुजड़ांग और एटकेडीह में 3 अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त की गईं, जहाँ से 120 लीटर चुलाई शराब और 2400 किलो महुआ जावा नष्ट किया गया था।
सरायकेला-खरसावां जिले में उत्पाद विभाग की लगातार छापेमारी के बावजूद अवैध महुआ शराब का कारोबार नहीं थम रहा है। दुर्गा पूजा के बीच ग्रामीण और नदी तटीय इलाकों में फिर से अवैध चुलाई भट्ठियां शुरू हो चुकी हैं। विभाग की कार्रवाई में भट्ठियां तोड़ी जा रही हैं और शराब बनाने की सामग्री नष्ट की जा रही है लेकिन कारोबार से जुड़े मुख्य माफिया अब भी पकड़ से बाहर हैं।
दुर्गा पूजा को लेकर उत्पाद विभाग ने 7 अक्तूबर को चांडिल के जरियाडीह, चाकुलिया और कठजोड़ में छापेमारी कर दो अवैध भट्ठियां ध्वस्त की और मौके से 1,200 किलो जावा महुआ और 90 लीटर शराब बरामद कर नष्ट की गयी।



