साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 11 मोबाइल फोन, एक टैब और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना पर छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी रेलवे फाटक के आगे रेलवे की जमीन पर बने एक मकान में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में 25 वर्षीय सुनीत कुमार दास , कपिल दास (30), सीतेश्वर दास (29), तीनों ग्राम सीताकाटा निवासी, तथा तनवीर अंसारी (20), ग्राम काशीटांड़ निवासी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक के केवाईसी अपडेट, ई-चालान, शादी कार्ड, बिजली बिल, गैस पाइपलाइन और पानी के कनेक्शन के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। इसके लिए एपीके फाइल भेजने और व्हाट्सऐप स्क्रीन शेयर कराने का सहारा लेते थे। ठगी की रकम विभिन्न राज्यों के फर्जी बैंक खातों के माध्यम से निकाली जाती थी।
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
जामताड़ा को साबइबर क्राइम का गढ़ माना जाता है। आए दिन यहां कार्रवाई होती रहती है। कभी बंगलुरु कभी दिल्ली तो कभी पंजाब से पुलिस यानी देश भर से पुलिस का जामताड़ा आना-जाना लगा रहता है। इन साइबर क्राइम को लेकर जामताड़ा नाम से दो वेब सीरीज भी बनाई जा चुकी है।







