सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बड़ासिजुलता गांव में दुर्गा पूजा को लेकर धार्मिक उत्साह का माहौल है। श्री श्री सार्वजनिक मां दुर्गा पूजा समिति की ओर से आयोजित पूजा पंडाल का उद्घाटन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन ने फीता काटकर किया। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री का समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्वागत किया। पंडाल परिसर में पूजा-पाठ और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे। दुर्गा पूजा को लेकर गांव में तैयारियां जोरों पर हैं। श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना के लिए उत्साहित हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चम्पई सोरेन के साथ उनके सुपुत्र सिमल सोरेन, बबलू सोरेन, दिलीप राउत सहित अन्य लोग शामिल हुए
कार्यक्रम के दौरान चम्पई सोरेन ने दुर्गा पूजा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। दुर्गा पूजा लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देती है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को एक साथ आने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा मनाने की अपील की।
इस मौके पर श्री श्री सार्वजनिक मां दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष नींबू महाकुड़, उपाध्यक्ष घनश्याम महाकुड़, सचिव परेश महाकुड़, सह सचिव विभीषण महाकुड़ और कोषाध्यक्ष उत्तम महाकुड़ सहित समिति के अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।






