गोड्डा। पथरगामा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। इनमें एक स्प्लेंडर और दूसरी यामाहा आर-15 बाइक है।पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात विषाहा गांव, रजौन हटिया और दिग्घी छाता मेला से तीन मोटरसाइकिल चोरी हुई थीं। इस मामले में सरजीत मंडल के आवेदन पर पथरगामा थाना में 13 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया था।मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्य के आधार पर 17 अक्टूबर को विषाहा के रजौन मोड़ स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी की। इसी दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की पहचान निमावरण चरका गांव के गुलशन कुमार कापरी और विषाहा गांव के आशीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गुलशन के पास से चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की। वहीं, आशीष के पास से गोड्डा नगर थाना क्षेत्र से चोरी हुई यामाहा आर-15 बाइक मिली।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने बाइक की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की है। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।इस छापेमारी में पथरगामा थाना और गोड्डा नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।
वही गोड्डा पुलिस की कार्रवाही से क्षेत्र लोगों ने पुलिस के कार्यों की सराहना किया है..






