Passenger Safety: धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ठगी से बचाने और रेलवे से जुड़ी धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर मुख्यालय के सतर्कता विभाग की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को रेलवे में नौकरी दिलाने, कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने और सीनियर सिटीजन कोटा का लाभ दिलाने के नाम पर होने वाली ठगी के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और रेलवे की अधिकृत सेवाओं का ही इस्तेमाल करें।
Passenger Safety: नौकरी दिलाने, कन्फर्म टिकट और सीनियर सिटीजन के नाम पर होती है ठगी
धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित इस अभियान (Passenger Safety) के दौरान कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए ठगी के विभिन्न तरीकों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। यात्रियों को बताया गया कि कुछ असामाजिक तत्व रेलवे में सीधी नौकरी दिलाने, कन्फर्म टिकट कराने और सीनियर सिटीजन कोटा के तहत टिकट उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते हैं। ऐसे लोग अक्सर जरूरतमंद और जानकारी के अभाव में रहने वाले यात्रियों को अपना निशाना बनाते हैं।
अभियान के संबंध में सतर्कता जागरूकता टीम के सदस्य अरुण कुमार ने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर मुख्यालय की ओर से रेलवे के सभी पांचों डिवीजनों में इस तरह का जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे में नियुक्ति के लिए रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC) और रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ही अधिकृत संस्थाएं हैं।
इनके अलावा किसी व्यक्ति या एजेंसी के माध्यम से नौकरी दिलाने का दावा करने वालों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करता है, तो यात्रियों और अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने आगे कहा कि रेलवे टिकट की खरीदारी भी केवल अधिकृत माध्यमों से ही करनी चाहिए। कन्फर्म टिकट दिलाने या सीनियर सिटीजन कोटा का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को पैसे देना नुकसानदायक हो सकता है। यात्रियों को किसी भी तरह के प्रलोभन और फर्जी दावों से बचना चाहिए।

रेलवे की सतर्कता टीम धनबाद समेत पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न बड़े स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सतर्क कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों और रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को धोखाधड़ी से बचाना तथा रेलवे की आधिकारिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना है।
इसे भी पढ़ें- Biggest Crypto Heist: Binance पर अब तक की सबसे बड़ी क्रिप्टो चोरी!







