Jamshedpur Cyber Crime: जमशेदपुर में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बिरसानगर थाना क्षेत्र में जमशेदपुर पुलिस और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम और डेबिट कार्ड, 67 सिम कार्ड समेत साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद साइबर अपराधियों के नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है।
Jamshedpur Cyber Crime: रामगढ़ साइबर थाना में दर्ज मामले से मिला ठगी के नेटवर्क का सुराग
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ साइबर थाना में दर्ज एक मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस को जमशेदपुर में संचालित साइबर ठगी के एक नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिली थी। इसके आधार पर जमशेदपुर पुलिस और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम ने बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुँगरी टोला, ओम नगर, रोड नंबर दो स्थित एक किराए के फ्लैट में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से साइबर ठगी का संचालन करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
GET&ID गेमिंग प्लेटफॉर्म पर बड़ा इनाम जीतने का देते थे लालच
पुलिस के मुताबिक, आरोपी GET&ID नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को बड़ा इनाम जीतने का लालच देते थे। शुरुआत में कम रकम लगाकर अधिक पैसा जीतने का प्रलोभन दिया जाता था। जब लोग गेम में पैसे हारने लगते थे, तो उन्हें नुकसान की भरपाई करने के नाम पर और अधिक रकम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। इस तरह जीत की उम्मीद में लोग लगातार पैसे लगाते रहते थे और अंततः लाखों रुपये गंवा बैठते थे।
ठगी के जरिए हासिल की गई रकम को छिपाने के लिए आरोपी कथित तौर पर फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। इन खातों में पैसे ट्रांसफर करने के बाद एटीएम और डेबिट कार्ड के माध्यम से नकदी निकाली जाती थी। इस पूरी प्रक्रिया के जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग माध्यमों से ठिकाने लगाने का काम किया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एम. भानु प्रकाश, मो. फरहान, राहुल मिंज, अभिषेक राज और श्रवण सोना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी जमशेदपुर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
5 लैपटॉप, 25 मोबाइल और 102 ATM कार्ड समेत कई सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 67 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 102 एटीएम और डेबिट कार्ड, नौ बैंक पासबुक, चार रजिस्टर और नोटबुक, तीन लैपटॉप चार्जर, एक वाई-फाई राउटर, एक लैन केबल, छह मोबाइल चार्जर, 8,440 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन शहरों और राज्यों तक फैला हुआ है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है और बरामद बैंक कार्ड तथा सिम कार्ड का इस्तेमाल किन-किन खातों और लेनदेन में किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







