Home झारखंड बिहार राजनीति मनोरंजन क्राइम हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

PM Modi Bihar Visit: मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन सहित कई परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास

PM Modi Bihar Visit: मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन सहित कई परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
---Advertisement---

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने बिहार आएंगे। उनका आगामी बिहार दौरा 20 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। इस दौरे के दौरान वे भागलपुर और उत्तर बिहार में कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इसेक अलावा PM मोदी भागलपुर में 2,400 मेगावाट की पीरपैंती ताप विद्युत परियोजना जिसे अदानी पावर ने तैयार किया है उसका उद्घाटन कर सकते हैं। इसके साथ ही विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय और अजगैबिनाथ ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे की आधारशिला रखने की भी योजना है।

बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में मुजफ्फरपुर-सोनबरसा राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण परियोजना को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) मुजफ्फरपुर ने परियोजना से जुड़ी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को पत्र लिखा है।

परियोजना निदेशक विनीत कुमार बागेरिया ने पत्र के माध्यम से बताया है कि मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन परियोजना को भारत सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और फिलहाल यह निविदा प्रक्रिया में है।

इस परियोजना को लेकर इसलिए भी हलचल बढ़ गई है, क्योंकि 20 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आगमन प्रस्तावित बताया गया है। इस दौरान मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को भी शामिल किए जाने की संभावना है। हालांकि, शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

PM Modi Bihar Visit: शिलान्यास से पहले भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की तैयारी

NHAI के पत्र के अनुसार परियोजना के लिए अर्जनाधीन अतिरिक्त भूमि से संबंधित 3-A अधिसूचना और 3-D अधिघोषणा की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। इसके बिना परियोजना के शिलान्यास की तैयारियों को आगे बढ़ाने में परेशानी हो सकती है।

प्राधिकरण ने जिला भू-अर्जन कार्यालय से अनुरोध किया है कि पहले भेजी गई 3-A अधियाचना की दोबारा जांच कराई जाए और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे जल्द से जल्द भूमि राशि पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इसका उद्देश्य भूमि अधिग्रहण से संबंधित औपचारिकताओं को समय रहते पूरा करना है।

भूमि अधिग्रहण से जुड़ी आपत्तियों का NHAI ने दिया जवाब

जानकारी के अनुसार, NHAI की ओर से पहले समर्पित की गई 3-A अधियाचना की जिला भू-अर्जन कार्यालय के मापक द्वारा जांच की गई थी। जांच के दौरान कुछ तकनीकी और दस्तावेजी बिंदुओं पर आपत्तियां सामने आई थीं।

अब परियोजना निदेशक विनीत कुमार बागेरिया ने पत्र के माध्यम से इन सभी आपत्तियों का बिंदुवार जवाब दिया है। प्राधिकरण का कहना है कि संबंधित त्रुटियों और सवालों का निराकरण कर दिया गया है। ऐसे में अधियाचना की दोबारा जांच कर आगे की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया गया है।

शाहपुर मौजा के दो खेसरों का रकबा पहले ही गजट में प्रकाशित

भूमि अधिग्रहण से जुड़े पत्र में औराई अंचल के शाहपुर मौजा का भी विशेष उल्लेख किया गया है। शाहपुर थाना संख्या 0-26 के कुल पांच खेसरों को अधियाचना में शामिल किया गया था। इनमें खेसरा संख्या 0-5 और 6 का अर्जन रकबा पहले ही सरकारी गजट में प्रकाशित हो चुका है।

इसी वजह से वर्तमान अधियाचना में इन दोनों खेसरों का अर्जन रकबा शून्य (0.000) दर्शाया गया है। NHAI ने स्पष्ट किया है कि जिन खेसरों का रकबा पहले ही गजट में प्रकाशित होकर अधिग्रहित हो चुका है, उन्हें दोबारा अधिग्रहण में शामिल नहीं किया जा रहा है। ऐसे खेसरों के कैफियत कॉलम में पूर्व में अधिग्रहित भूमि का विवरण दर्ज किया गया है।

PM Modi Bihar Visit: मकसुदपुर, मानिकपुर और विशुनपुर राजे में तकनीकी गड़बड़ियां होंगी दूर

परियोजना के तहत मकसुदपुर, मानिकपुर और विशुनपुर राजे मौजा में भी भूमि अधिग्रहण से संबंधित कुछ तकनीकी त्रुटियां सामने आई हैं। NHAI के मुताबिक, इन मौजों में अधिग्रहित राइट ऑफ वे (ROW) खींची गई संरेखण रेखा के बाईं तरफ है, जबकि संबंधित सड़क वर्तमान में बिहार राज्य पुल निगम की ओर से निर्मित सड़क के रूप में संचालित है।

पूर्व में गजट में प्रकाशित भूमि के रकबे को नहीं घटाए जाने के कारण कुछ तकनीकी विसंगतियां उत्पन्न हुई थीं। अब प्राधिकरण की ओर से इन त्रुटियों को दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है।

इसके लिए परियोजना निदेशक ने जिला भू-अर्जन कार्यालय के कानूनगो और मापकों के साथ संयुक्त जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने आपसी समन्वय से जांच की तारीख निर्धारित करने की भी बात कही है, ताकि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।

मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन परियोजना पर बढ़ी निगाहें

मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन परियोजना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तेज हुई कार्यवाही से इसके आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ी है। खासकर भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया को प्राथमिकता दिए जाने से परियोजना की तैयारियों में तेजी आने के संकेत मिल रहे हैं।

अब सबकी नजर जिला भू-अर्जन कार्यालय की अगली कार्यवाही भूमि राशि पोर्टल पर अधियाचना अपलोड होने पर टिकी है। यदि निर्धारित समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाती हैं तो प्रधानमंत्री के प्रस्तावित बिहार दौरे के दौरान इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना के शिलान्यास का रास्ता साफ हो सकता है।

इसे भी पढ़ें- Ramlila Maidan Rally: राहुल-प्रियंका पहुंचे रामलीला मैदान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

1 thought on “PM Modi Bihar Visit: मुजफ्फरपुर-सोनबरसा फोरलेन सहित कई परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास”

Leave a Comment