Wall Collapse: बाघमारा के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत गुहीबांध में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सलानपुर कोलियरी स्थित बीसीसीएल के वर्कशॉप की जर्जर दीवार अचानक ढहकर सड़क किनारे स्थित दो दुकानों पर गिर गई। हादसे में दुकानदार समेत तीन लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला।
Wall Collapse: दो ग्राहकों को गंभीर चोट, दुकानदार को भी लगी चोट
इस हादसे में दुकानदार विकास रवानी को आंशिक चोट आई है, जबकि दो ग्राहक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल दोनों ग्राहकों को इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
दीवार गिरने की घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क किनारे कई दुकानें संचालित होती हैं और लोगों का लगातार आना-जाना लगा रहता है।
कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में बीसीसीएल प्रबंधन के प्रति खासा आक्रोश देखा जा रहा है। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, सलानपुर कोलियरी प्रबंधन को पत्राचार के माध्यम से कई बार जर्जर दीवार की स्थिति से अवगत कराया गया था। दीवार की खराब हालत को देखते हुए उसे दुरुस्त कराने की मांग भी की गई थी, लेकिन प्रबंधन की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही मिलता रहा।
दुकानदार का आरोप है कि यदि समय रहते दीवार की मरम्मत या उसे हटाने की दिशा में कदम उठाया गया होता तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
दीवार के किनारे हैं दर्जनों दुकानें, बड़े हादसे की आशंका
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस जर्जर दीवार के किनारे करीब एक दर्जन दुकानें हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। ऐसे में दीवार का इस तरह गिरना गंभीर खतरे का संकेत है।

लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही पूरी जर्जर दीवार की मरम्मत या सुरक्षित तरीके से उसे हटाने की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है।
Wall Collapse: बीसीसीएल प्रबंधन से कार्रवाई की मांग
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन से जर्जर दीवार की तत्काल जांच कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। साथ ही प्रभावित दुकानदारों को हुए नुकसान का मुआवजा देने तथा क्षेत्र में मौजूद अन्य जर्जर संरचनाओं की भी जांच कराने की मांग उठाई है।
फिलहाल इस घटना ने कोलियरी प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और जर्जर भवनों के रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किए बिना प्रबंधन जल्द ठोस कदम उठाए।

इसे भी पढ़ें- Bollywood News: राम गोपाल वर्मा पर 29.67 Cr रुपये की वसूली का नोटिस







1 thought on “Wall Collapse: कतरास में बीसीसीएल वर्कशॉप की जर्जर दीवार ढही, दुकानदार समेत तीन लोग दबे, दो गंभीर”