Ranchi Encounter: राजधानी रांची में शुक्रवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधियों के पैर में गोली लगी है। वहीं, पुलिस ने मौके से कुल चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से तीन पिस्टल समेत अन्य सामान बरामद होने की सूचना है।
Ranchi Encounter: गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान तीन अपराधियों के पैर में गोली लगने की सूचना है। मुठभेड़ में घायल बदमाशों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हजारीबाग में होटल और रांची में कोयला कारोबारी के घर पर फायरिंग से जुड़ रहे तार
बताया जा रहा है कि राहुल दुबे गैंग के अपराधियों ने देर रात हजारीबाग में एक होटल के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इसके अलावा रांची में एक कोयला कारोबारी के घर पर भी गोलीबारी कर धमकी दी गई थी। इन घटनाओं के बाद से ही पुलिस गैंग के सदस्यों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सीठियो इलाके में छापेमारी की, जहां अपराधियों से आमना-सामना हो गया और मुठभेड़ की स्थिति पैदा हो गई।
SSP समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वहीं, फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन पिस्टल और अन्य सामान बरामद किए हैं। फिलहाल गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हजारीबाग और रांची में हुई फायरिंग की घटनाओं में इनकी क्या भूमिका थी और गैंग के अन्य सदस्य कहां छिपे हुए हैं।
इसे भी पढ़ें- Passenger Safety: धनबाद स्टेशन पर रेलवे का सतर्कता अभियान








1 thought on “Ranchi Encounter: रांची में राहुल दुबे गैंग और पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़, 3 अपराधियों को लगी गोली, चार गिरफ्तार”