Weather Update: झारखंड की राजधानी रांची में ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट आने से लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा ठंड महसूस हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में धुंध और कोहरा छाया रहा, लेकिन धूप निकलने के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया।
सुबह की ठंड का असर उन लोगों में भी साफ दिख रहा था जो सुबह की सैर के लिए निकले थे। लोग गर्म कपड़े पहनकर अपने घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में रांची में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।
Weather Update: सुबह कुहासा, दिन में साफ रहेगा आसमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह धुंध या कोहरा छा सकता है। इसके बाद, आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। गुरुवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने मौसम को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
6 नवंबर से और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, 6 नवंबर को रांची में न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। वहीं, अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री रहने की संभावना है। सुबह के समय थोड़ी धुंध या कोहरा रहने के बाद आसमान साफ होने के आसार हैं। 7 और 8 नवंबर को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की उम्मीद है। इन दोनों दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
फिलहाल बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 से 8 नवंबर के बीच रांची में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। फिलहाल बारिश होने के कोई खास आसार नहीं हैं। बारिश और बादलों के छंटने के साथ तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने लगी है।
इस वजह से, सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है, जबकि दिन में धूप खिलने से मौसम काफी सुहावना रहेगा। कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में रांची में बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन साथ ही ठंड भी धीरे-धीरे बढ़ती जाएगी।
यह भी पढ़ें: Pappu Yadav Politics: धनबाद पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, खटाल मामले को उठाया, धीरेन्द्र शास्त्री पर साधा निशाना








