Gopalganj News: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू होने के बीच गोपालगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फ्लाइंग स्क्वॉड टीम और नगर थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से चंद्रगोखुल रोड के पास एक व्यक्ति से 7.5 लाख रुपये नकद जब्त किए।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किया गया व्यक्ति सीवान जिले का निवासी है और संदिग्ध परिस्थितियों में इतनी बड़ी रकम लेकर जा रहा था। पुलिस ने जब उससे पैसों के बारे में वैध दस्तावेज मांगे, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने नकदी जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और स्वच्छ तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना दस्तावेजों के बड़ी रकम लेकर चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए किया जाना था।





