Deoghar News: केंद्रीय मंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता Giriraj Singh ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। देवघर में बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना और अतिरुद्र महायज्ञ में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार झारखंड को ‘पश्चिम बंगाल और केरल’ की राह पर ले जाना चाहती है।

घुसपैठियों को मिल रहा संरक्षण: Giriraj Singh
गिरिराज सिंह ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या मुसलमानों को जानबूझकर संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में एक सोची-समझी साजिश के तहत ‘सांस्कृतिक और व्यवहारिक आक्रमण’ हो रहा है, जिससे हिंदुओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उनके अनुसार, सरकार की तुष्टिकरण की नीति से राज्य का सामाजिक ताना-बाना खतरे में है।
मदर टेरेसा और धर्मांतरण पर विवादित बयान
धर्मांतरण के मुद्दे पर बोलते हुए गिरिराज सिंह ने एक विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि मदर टेरेसा को भारत में ‘मदर’ का दर्जा दिया गया, लेकिन वास्तव में वे “धर्मांतरण की मदर” थीं। सिंह ने आरोप लगाया कि आज भी ईसाइयों द्वारा सेवा की आड़ में गरीबों के साथ छल कर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सनातन धर्म ही इस भूमि के अस्तित्व का आधार है, जबकि अन्य धर्मों का इतिहास दो हजार साल पुराना भी नहीं है।
भाजपा सरकार बनी तो बनेगा कड़ा कानून: Giriraj Singh
केंद्रीय मंत्री ने मांग की कि राज्य सरकार धर्मांतरण रोकने के लिए तत्काल नया कानून लाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हेमंत सरकार ऐसा नहीं करती है, तो भविष्य में झारखंड में भाजपा की सरकार बनने पर आदिवासियों और हिंदुओं के संरक्षण के लिए कठोर धर्मांतरण विरोधी कानून बनाया जाएगा।
अगली बारी बंगाल की
बिहार चुनाव में एनडीए की हालिया जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के प्रति जनता के भरोसे की जीत बताया। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि बिहार के बाद अब भाजपा का अगला लक्ष्य पश्चिम बंगाल है, जहां बदलाव तय है।





