Pakur News: श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, जिला नियोजनालय एवं मांडल कैरियर सेंटर द्वारा बाजार समिति परिसर में एक दिवसीय दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में आठवीं से स्नातक उत्तीर्ण तक के सैकड़ों युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ माननीय अतिथियों द्वारा किया गया।

मेले में कुल 23 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कुल 968 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 327 अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया, जबकि 212 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
मौके पर विधायक निसात आलम, उपायुक्त मनीष कुमार, राजेडी जिलाध्यक्ष महावीर मड़ैया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार सरकार, राजेडी सचिव रंजीत कुमार सिंह और जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल कुमार उपस्थित थे।
उपायुक्त मनीष कुमार ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पहली नौकरी केवल जीवन की शुरुआत है, अंतिम लक्ष्य नहीं। उन्होंने बताया कि कौशल ही करियर की असली पूंजी है और इसी उद्देश्य से सक्षम केंद्र और कौशल विकास केंद्रों को सुदृढ़ किया जा रहा है। जेपीएससी काउंसलिंग 5 दिसंबर से प्रारंभ हो रही है। जिले में ‘उड़ान कार्यक्रम’ के माध्यम से उच्च स्तरीय कोचिंग निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे, एसएससी, सीडीएस, लोको पायलट आदि परीक्षाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण भी चल रहा है।
Also Read: Gumla के कोड़ेदाग स्कूल में तीन कमरों में 371 बच्चों की पढ़ाई, चार शिक्षकों के भरोसे चल रही शिक्षा
विधायक निसात आलम ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार सृजन हेतु निरंतर प्रयासरत है। पाकुड़ जिले में आयोजित रोजगार मेलों में अब तक लगभग 1000 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार मिल चुका है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी और कहा कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएँ।





