Jamshedpur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी जमशेदपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बुधवार को कार्यक्रम स्थल से गुजर रहे हाई वोल्टेज विद्युत तार को सुरक्षा कारणों से हटा दिया गया। विद्युत विभाग के कर्मचारी सुबह से ही इस कार्य में जुटे रहे। इसके साथ ही जुगसलाई-स्टेशन मार्ग की साफ-सफाई और सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य भी तेज कर दिया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को जमशेदपुर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला जमशेदपुर दौरा होगा। वह करनडीह स्थित जाहेर स्थान परिसर में ऑल इंडिया संताली राइटर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित ओलचिकी लिपि शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति संताली भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकारों को सम्मानित करेंगी, जिससे आदिवासी समाज और साहित्य जगत में खासा उत्साह है।
एसोसिएशन के महासचिव रविन्द्र मुर्मू ने बताया कि हॉल की क्षमता सीमित होने के कारण कार्यक्रम खुले मैदान में आयोजित होगा, जहां जर्मन हैंगर टेंट लगाया जाएगा। समारोह में देशभर से करीब 600 प्रतिनिधि भाग लेंगे। राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी। जमशेदपुर के बाद वह आदित्यपुर स्थित एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भी शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और प्रशासनिक तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है।





