Munger News: जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर गुरुवार को मुंगेर के जमालपुर स्थित रामपुर मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। बिहार में “बदलाव की राजनीति” के तहत चल रहे जनसुराज अभियान के अंतर्गत यह सभा आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने राज्य की मौजूदा और पूर्व सरकारों पर जमकर निशाना साधा।

सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “अब बिहार की जनता न नीतीश कुमार को लाना चाहती है, न मोदी के कहने पर वोट देना चाहती है और न ही लालू के जंगलराज को वापस देखना चाहती है। बिहार को अब नई व्यवस्था चाहिए, जिसमें शिक्षा, रोजगार और उद्योग हो।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी जी बिहार एक बार आएं या दस बार, क्या कभी उन्होंने यहां फैक्ट्री लगाने की बात की? क्या उन्होंने बिहार में युवाओं के लिए रोजगार या पलायन रोकने की कोई बात की?”
सभा के दौरान प्रशांत किशोर ने अपनी योजनाओं को जनता के सामने रखते हुए कहा कि अब वक्त है कि बिहार गरीबी से बाहर निकले और विकास के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य की अधिकांश जनता अब बदलाव चाहती है।
इस मौके पर भारी संख्या में लोग, कार्यकर्ता, जनसुराज के पदाधिकारी और स्थानीय नेता उपस्थित रहे। प्रशांत किशोर के मुंगेर आगमन पर जगह-जगह लोगों ने उनका काफिला रोककर स्वागत किया और माला पहनाई।
Also Read: IMF के 3 अहम टारगेट चूका Pakistan, फिर भी अगली किश्त मिलने की उम्मीद बरकरार
कार्यक्रम में भोजपुरी गायक छैला बिहारी ने जनसुराज के संदेश को अपने गायन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया, जिस पर मौजूद भीड़ झूमती नजर आई।
प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमने लोगों से पूछा कि क्या नीतीश को हटाना है? सबने कहा, इस बार उन्हें हटाना है। जनता अब लालटेन के दौर में नहीं लौटना चाहती, और न ही किसी के कहने पर वोट देना चाहती है।”
जनसुराज अभियान का उद्देश्य बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर जाकर जनता से संवाद स्थापित करना और एक नई राजनीतिक दिशा को मजबूत करना है।





