जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, छह गोलियां, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक राउटर बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे उडिपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दानिश और कृष्णा चौधरी पर अपराधियों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की थी। इस हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। मामले की जांच के लिए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ताओं और घटना को अंजाम देने वाले शूटरों की पहचान की। पुलिस ने मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को डोबो पुल के पास से गिरफ्तार किया। इसके अलावा अविनाश ठाकुर, रुपेश सिंह और ओम सिंह उर्फ ओम बच्चा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घटना की साजिश रचने, अपराधियों को संरक्षण देने और वारदात के बाद भागने में मदद करने में भूमिका निभाई थी।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पूछताछ में मोहन यादव और अजीत मंडल ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियारों को मरीन ड्राइव स्थित फागुबाबा आश्रम के पीछे झाड़ियों में छिपाया गया है। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने दो पिस्टल और गोलियां बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, हथियार बरामद करने के बाद वापस लौटने के दौरान अजीत मंडल ने एक पुलिसकर्मी का सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की। रुकने की चेतावनी देने के बावजूद उसने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान अजीत मंडल और मोहन यादव के पैर के निचले हिस्से में एक-एक गोली लगी। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अभिरक्षा से भागने, सरकारी हथियार छीनने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सोनारी थाना कांड संख्या 85/2026 दर्ज किया गया है।
अविनाश के पास से लोडेड पिस्टल बरामद
पुलिस ने 7 अक्टूबर को अविनाश ठाकुर और रुपेश सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, अविनाश ठाकुर के पास से 9 एमएम की लोडेड पिस्टल, अतिरिक्त लोडेड मैगजीन और घटना में इस्तेमाल टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने ये सामान किए बरामद
9 एमएम सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल – 2
7.62 एमएम सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल – 1
9 एमएम की गोलियां – 3
7.62 एमएम की गोलियां – 3
टीवीएस मोटरसाइकिल – 1
मोबाइल फोन – 2
राउटर – 1
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पहले से हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में इतिहास रहा है।
अजीत मंडल को हत्या के मामले में हो चुकी है उम्रकैद
पुलिस के मुताबिक, अजीत मंडल के आपराधिक इतिहास में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 115/2015 भी शामिल है। इस मामले में जिला न्यायालय ने 27 नवंबर 2019 को उसे हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। वहीं, मोहन यादव के खिलाफ सोनारी थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे बिंदल मॉल उडिपी रेस्टोरेंट गोलीकांड का मुख्य आरोपी बताया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद गोलीकांड में शामिल शूटरों, साजिशकर्ताओं और सहयोगियों तक पहुंच बनाई गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।






