चाईबासा में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार ने जगन्नाथपुर स्थित बलियाडीह छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जगन्नाथपुर के अनुमंडल पदाधिकारी अरुण उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी अंबिका कुमारी एवं अंचल अधिकारी मनोज मिश्रा उपस्थित रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
महापर्व छठ: बलियाडीह छठ घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाट तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम और सुरक्षित बनाया जाए, जिससे छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी तरह की असुविधा न हो।
इसके अलावा घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने विशेष रूप से अर्घ्य के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए बेहतर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय पर सभी तैयारियां पूरी करने को कहा
उपायुक्त मनीष कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर सभी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और तैयारियों की लगातार निगरानी की जाए।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि लोग पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान सूर्य की आराधना कर सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने छठ महापर्व एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी लोगों से आपसी सौहार्द, शांति और उत्साह के साथ पर्व मनाने की अपील की।
इसे भी पढ़ें- World Diabetes Day: विश्व मधुमेह दिवस पर धनबाद में ‘रन फॉर डायबिटीज’








