झारखंड के चर्चित गैंगस्टर अखिलेश सिंह एक बार फिर सुर्खियों में है। विक्रम शर्मा की हत्या के बाद उसके गैंग और कारोबार में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। जेल में बंद होने के बावजूद उसका नेटवर्क सक्रिय बताया जा रहा है और अलग-अलग शहरों में इसका विस्तार भी जारी है।

सूत्रों के अनुसार विक्रम शर्मा की हत्या के बाद गिरोह के भीतर नई रणनीति पर काम शुरू हो गया है। कारोबारी ढांचे में बदलाव करते हुए अखिलेश सिंह ने अपने गुरुग्राम स्थित मॉल और रियल एस्टेट कारोबार की जिम्मेदारी अशोक सिंह राघव को सौंप दी है। बताया जा रहा है कि नोएडा, गुरुग्राम और बनारस जैसे शहरों में फैला यह नेटवर्क करोड़ों के कारोबार से जुड़ा है और इसमें नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।
जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और चर्चाओं के मुताबिक, अखिलेश सिंह के कथित कनेक्शन कई प्रभावशाली लोगों से भी जोड़े जा रहे हैं। इनमें दिल्ली के एक मंत्री और कोलकाता के कुछ राजनीतिक व व्यावसायिक संपर्कों का नाम सामने आ रहा है। इस मामले में इनकम टैक्स विभाग पहले भी बेनामी संपत्तियों को लेकर जांच कर चुका है।
हालांकि दुमका जेल में बंद होने के बावजूद अखिलेश सिंह के नेटवर्क पर असर नहीं पड़ा है। उल्टा, उसके सहयोगी संगठन को और मजबूत करने तथा कारोबार को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या यह पूरा नेटवर्क केवल व्यवसायिक गतिविधियों तक सीमित है या इसके पीछे कोई संगठित बड़ा गठजोड़ सक्रिय है। जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।
Also Read- झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नाबालिग लड़कियों के लापता होने की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई





