Ambulance Strike: झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारी 18 नवंबर की रात 8 बजे से हड़ताल शुरू करेंगे। इस दौरान कर्मचारी नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन भी करेंगे। कर्मचारियों की इस घोषणा के बाद राज्य में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
Ambulance Strike: बकाया वेतन भुगतान समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के अनुसार, कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में अगस्त से अक्टूबर तक का बकाया वेतन भुगतान शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा फरवरी 2025 से वेतन में की गई कथित मनमानी कटौती की जांच कराने और काटी गई राशि वापस करने की मांग भी उठाई गई है। संघ का कहना है कि कर्मचारियों के वेतन से की गई कटौती की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि गलत तरीके से राशि काटी गई है तो उसका भुगतान किया जाना चाहिए।
NHM कार्यालय के समक्ष होगा धरना-प्रदर्शन, आज रात 8 बजे से हड़ताल
अपनी मांगों को लेकर 108 एंबुलेंस कर्मचारी 18 नवंबर की रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। संघ के नेतृत्व में कर्मचारी नामकुम स्थित NHM कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल का सीधा असर राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है। 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाया जाता है। ऐसे में कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होने की आशंका है।
फिलहाल सभी की नजरें स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों पर टिकी हैं। देखना होगा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं और हड़ताल शुरू होने से पहले कोई समाधान निकल पाता है या नहीं।
इसे भी पढ़ें- Dhanbad News: 31 अक्टूबर से लापता युवक का गोलमारा जंगल में मिला शव







