रांची में JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र पिछले 16 दिनों से अनिश्चितकालीन सत्याग्रह आंदोलन पर बैठे हैं। इसी बीच JLKM के डुमरी विधायक जयराम महतो ने छात्रों के समर्थन में पुराना विधानसभा परिसर में एक दिवसीय निर्जला उपवास शुरू किया है।
जयराम महतो ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को मजबूती देने और उनकी मांगों के समर्थन में वह निर्जला उपवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार छात्रों की मांगों का समाधान होना चाहिए। अगर सरकार ने छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
विधायक जयराम महतो ने यह भी कहा कि 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव में वह छात्रों के साथ मौजूद रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा के अंदर भी छात्रों की मांगों को मजबूती से उठाया जाएगा।
उन्होंने सरकार से अपील की कि केवल दूसरे संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत करने के बजाय आंदोलन कर रहे छात्रों से सीधे संवाद किया जाए। जयराम महतो का कहना है कि जिन मांगों को लेकर छात्र पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, उनका पक्ष सुने बिना किसी दूसरे संगठन से बातचीत करना उचित नहीं है।
इधर, आंदोलन के बीच छात्रों और सरकार के बीच बातचीत का एक और दौर शुरू होने जा रहा है। तीसरे दौर की वार्ता के लिए प्रशासन के अधिकारी छात्रों को लेकर अतिथिशाला पहुंचे हैं। वहीं, मंत्रिमंडल की ओर से गठित चार सदस्यीय टीम भी छात्रों से बातचीत करने के लिए अतिथिशाला पहुंच गई है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले छात्र संगठनों और सरकार के प्रतिनिधियों के बीच दो दौर की वार्ता हो चुकी है। हालांकि, दोनों दौर की बातचीत के बावजूद अब तीसरे दौर की वार्ता आयोजित की जा रही है। कुछ ही देर में छात्र प्रतिनिधियों और सरकार की ओर से गठित टीम के बीच बातचीत शुरू होगी।
अब सभी की निगाहें तीसरे दौर की वार्ता पर टिकी हैं। देखना होगा कि सरकार और छात्रों के बीच होने वाली इस बातचीत से आंदोलन को लेकर कोई ठोस समाधान निकलता है या नहीं। वहीं, 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर भी आंदोलनकारी छात्रों के अगले कदम पर सबकी नजर बनी हुई है।
Also Read- प्रिंस खान गिरोह पर हजारीबाग पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 सदस्य गिरफ्तार





