Bokaro News: बीएंडके क्षेत्र अंतर्गत सुभाष नगर से करगली बाजार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग—चाहे वाहन से हों या पैदल—आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की बदहाली लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है।
बरसात के चलते सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं और कई जगहों पर बड़े-बड़े पत्थर निकल आए हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर आए दिन बाइक व साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
Also Read: बीएंडके क्षेत्र में जर्जर सड़क बनी जानलेवा, सुभाष नगर से करगली बाजार मार्ग की हालत बदहाल
इस सड़क से सुभाष नगर, फील्ड क्वारी, जवाहर नगर, कारो बस्ती, अमलो बस्ती, तीन नंबर और रामनगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लोग गुजरते हैं। यही मार्ग बेरमो के अस्पतालों और स्कूलों तक पहुंचने के लिए भी प्रमुख रास्ता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है। कई वर्षों से यह मार्ग इसी हालत में है, लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। लोगों ने बार-बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
जनता की मांग:
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सड़क की मरम्मत अविलंब की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत न होने पर वे आंदोलन को मजबूर होंगे।