बोकारो में बुधवार को तीरंदाजी का बड़ा राष्ट्रीय मंच सज गया। एनटीपीसी की दूसरी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी टूर्नामेंट का भव्य आगाज सेक्टर चार स्थित मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में हुआ। 19 से 27 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। देशभर से पहुंचे तीरंदाजों की मौजूदगी ने बोकारो के खेल माहौल को उत्साह से भर दिया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से करीब 900 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें लगभग 600 ऐसे तीरंदाज हैं जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। प्रतियोगिता में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों की मौजूदगी भी इसे खास बना रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के एक मंच पर जुटने से मुकाबलों का रोमांच और प्रतिस्पर्धा दोनों बढ़ गए हैं।
मोहान कुमार मंगलम स्टेडियम में तीरंदाज तीन प्रमुख कैटेगरी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच पदक जीतने के साथ-साथ राष्ट्रीय रैंकिंग में बेहतर स्थान हासिल करने की होड़ है। ऐसे में आने वाले दिनों में देश के शीर्ष तीरंदाजों के बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।
उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से झारखंड के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बोकारो में इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले तीरंदाजों के जुटने से स्थानीय खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों को देश के बेहतरीन तीरंदाजों की सटीक निशानेबाजी और कड़े मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा।
एनटीपीसी का यह राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों के लिए रैंकिंग और पदक हासिल करने का महत्वपूर्ण मंच है, बल्कि झारखंड में तीरंदाजी और अन्य खेलों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी अहम आयोजन माना जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रतियोगिता के नतीजों पर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों की भी नजर रहेगी।
Also Read- देवघर: फर्जी GST अधिकारी वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार





