Couple Murder: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में भारतीय मूल के एक युवा दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव वॉलमार्ट स्टोर की पार्किंग में मिले। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि यह कोई सामान्य आपराधिक घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसका संबंध संगठित अपराध से हो सकता है।
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों कनाडा के डेल्टा इलाके में रहते थे। 15 नवंबर की रात करीब 10:38 बजे वॉलमार्ट की पार्किंग में दोनों को गोली लगी हुई अवस्था में पाया गया था।
Couple Murder: अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और आपातकालीन चिकित्सा दल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों को बचाने के लिए सीपीआर सहित जरूरी प्रयास किए। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सरे पुलिस सर्विस ने अपने बयान में बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद महिला और पुरुष दोनों को बचाने की पूरी कोशिश की गई लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) ने जांच अपने हाथ में ले ली है।
सुनियोजित हत्या और संगठित अपराध से कनेक्शन की जांच
IHIT के अनुसार, शुरुआती जांच में गोलीबारी को टार्गेटेड हमला माना जा रहा है। जांच अधिकारियों को संदेह है कि इस वारदात का संबंध संगठित अपराध से हो सकता है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
CBC News के अनुसार गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद एक वाहन में आग लगने की सूचना भी मिली थी। जांच अधिकारी इस घटना को भी दोहरे हत्याकांड से जोड़कर देख रहे हैं। संदेह जताया जा रहा है कि आग के हवाले किया गया वाहन हमलावरों द्वारा इस्तेमाल किया गया हो सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, मृतक गगनप्रीत रेहल पहले हथियारों से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस पहले से भी अवगत थी। वहीं सुखजीत कौर के कनाडा में सीमित संपर्क होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित जानकारी, सीसीटीवी फुटेज या डैशकैम रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, तो वह जांच एजेंसियों को सौंपे, ताकि आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।
Couple Murder: कनाडा में एक और भारतीय युवक की जलती कार में मिली थी लाश
कनाडा में भारतीय नागरिकों की संदिग्ध मौत का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ सप्ताह पहले ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में 25 वर्षीय भारतीय युवक तुषार शर्मा का शव जलती हुई कार के अंदर मिला था।
पुलिस को 29 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे रॉलिन्सन क्रिसेंट इलाके में एक वाहन में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे आपातकालीन कर्मचारियों ने आग बुझाने के दौरान वाहन के अंदर मानव अवशेष बरामद किए। इसके बाद मामले को हत्या मानकर जांच शुरू की गई।
बाद में मृतक की पहचान तुषार शर्मा के रूप में हुई, जो सरे में रहते थे। पुलिस के मुताबिक, उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और कनाडा में उनका सामाजिक दायरा भी सीमित था।
Couple Murder: तुषार शर्मा की हत्या में भी किसी के निशाने पर होने का शक
तुषार शर्मा की मौत की जांच कर रही एजेंसियों को आशंका थी कि उन्हें भी योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया गया था। पुलिस उनके व्यक्तिगत जीवन, संभावित विवादों और मौत से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी।
जांच अधिकारी उनके परिवार और दोस्तों से लगातार बातचीत कर रहे थे। इसके अलावा विदेश में रहने वाले उनके रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा था, ताकि उनकी दिनचर्या और हाल की गतिविधियों को समझा जा सके।
दोनों मामलों के बीच संबंध की पुष्टि नहीं
ब्रिटिश कोलंबिया में कम समय के अंतराल पर भारतीय मूल के लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के इन मामलों ने कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
हालांकि, सरे में दंपती की गोली मारकर हत्या और लैंगली में तुषार शर्मा की मौत के बीच किसी प्रत्यक्ष संबंध की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। फिलहाल दोनों मामलों की जांच अलग-अलग चल रही है।
जांच एजेंसियां सरे हत्याकांड में हमलावरों की पहचान, संभावित वाहन और संगठित अपराध से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। वहीं तुषार शर्मा की मौत के पीछे की वजह जानने के लिए भी पुलिस विभिन्न संभावित पहलुओं पर काम कर रही है।
इसे भी पढ़ें- Shayra Munda: अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का 91 वर्ष की उम्र में निधन











