बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने सीतामढ़ी में आयोजित स्वदेशी मेला का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और स्वदेशी अभियान का सपना अब जमीन पर उतरता दिख रहा है। शहर के गोयनका महाविद्यालय मैदान में स्वदेशी जागरण समिति द्वारा आयोजित इस मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूत करना है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि 21वीं सदी में स्वामी विवेकानंद का सपना साकार हो रहा है। स्वदेशी अभियान के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाकर ही मां भारती को सशक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है।
Also Read: सारंडा के चुरगी गांव में मलेरिया का कहर पांच दिनों में दो महिलाओं की मौत, गांव में दहशत
इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा अपनी पत्नी के साथ पुनौरा धाम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां सीता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुनौरा धाम में भव्य मां सीता जन्मभूमि मंदिर का निर्माण किया जाएगा। मंदिर निर्माण की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 42 माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने इसे सीतामढ़ी के लिए ऐतिहासिक विकास बताया।





