Dhanbad News: धनबाद ज़िले के निरसा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में सोमवार को उस समय हंगामा हो गया जब विधायक अरूप चटर्जी ने एक छात्र का नामांकन न होने से नाराज होकर कॉलेज में तालाबंदी कर दी। इस घटना के कारण नामांकन कार्य बाधित हो गया और कई छात्र अपना दाखिला नहीं करवा सके, जबकि यह नामांकन की अंतिम तिथि थी।

जानकारी के अनुसार, छात्र अरविंद कुमार बिना सीएलसी (कॉलेज लीविंग सर्टिफिकेट) के नामांकन कराने कॉलेज पहुँचा था। कॉलेज प्रबंधन ने नियमानुसार सीएलसी प्रस्तुत करने को कहा। अरविंद ने 15 दिनों की मोहलत माँगी, लेकिन प्रबंधन ने नियमों का हवाला देते हुए बिना सीएलसी के नामांकन से इनकार कर दिया।
Also Read: विधायक की नाराज़गी से निरसा पॉलिटेक्निक कॉलेज में तालाबंदी, नामांकन कार्य बाधित
यह बात जब क्षेत्रीय विधायक अरूप चटर्जी को पता चली, तो उन्होंने कॉलेज पहुँचकर सभी कर्मियों को बाहर निकाल दिया और कॉलेज में ताला बंद करवा दिया। इससे कई जिलों से आए अन्य छात्रों का नामांकन भी रुक गया। छात्रों को उम्मीद थी कि व्यवस्था सामान्य होगी और उनका दाखिला हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त आदित्य रंजन ने विधायक से बात की, जिसके बाद कॉलेज का ताला खोल दिया गया। उपायुक्त ने कॉलेज प्रबंधक को मंगलवार को धनबाद बुलाया है, जहाँ इस मामले की विस्तृत जानकारी ली जाएगी।





