पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बोहिता पंचायत के पोखर पार टोला बोहिता में शादी समारोह के बाद फूड प्वाइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। दावत में शामिल हुए करीब डेढ़ सौ से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

शादी समारोह के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार बोहिता गांव निवासी हरिशंकर शर्मा के घर शादी समारोह आयोजित किया गया था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण दावत में शामिल हुए थे। दावत के बाद सुबह होते ही गांव के कई महिला, पुरुष और बच्चों को अचानक उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी। कुछ ही घंटों में बीमार लोगों की संख्या तेजी से बढ़कर डेढ़ सौ से अधिक हो गई।
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मरीजों को संभालने और इलाज के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
स्कूल में बनाया गया अस्थायी इलाज शिविर
घटना की सूचना मिलते ही पलामू स्वास्थ्य विभाग की टीम और लेस्लीगंज अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। गांव के एक विद्यालय में अस्थायी चिकित्सा शिविर बनाकर मरीजों का इलाज शुरू किया गया।
फर्श पर लिटाकर किया जा रहा इलाज
मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण अस्पताल और शिविर में जगह कम पड़ गई। स्थिति यह है कि कई मरीजों को फर्श पर लिटाकर सलाइन चढ़ाकर उपचार किया जा रहा है।
गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेस्लीगंज और मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने के बाद सतबरवा प्रमुख और उपप्रमुख, बोहिता पंचायत के मुखिया, धावडीह पंचायत के मुखिया तथा समाजसेवी अवधेश सिंह चेरो भी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों की मदद में जुटे रहे।
स्वास्थ्य विभाग कर रहा जांच
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे फूड प्वाइजनिंग का मामला माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Also Read- चीन से रिश्ते मजबूत करने को लेकर भारत ने नियमों में ढील दी





