Football Tournament: धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र डंडाटांड़ में फुटबॉल का जुनून देखने को मिला। जेएस मेमोरियल क्लब (JS Memorial Club) की ओर से आयोजित तीन दिवसीय भव्य फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। फाइनल मैच देखने के लिए 30 हजार से अधिक दर्शकों की भीड़ उमड़ी। खेल प्रेमियों के उत्साह से पूरा मैदान खचाखच भरा रहा।
फाइनल मुकाबला सुसनी लावा की टीम और मेजबान टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़े मुकाबले में सुसनी लावा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 3 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं मेजबान टीम उपविजेता रही और उसे 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस भव्य खेल आयोजन में धनबाद के सांसद ढुलू महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिला परिषद सदस्य मीना हेमराम, जाताखुटी पंचायत की मुखिया आशा मुरमू तथा प्रखंड प्रमुख मालती देवी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

Football Tournament: डंडाटांड़ मैदान को स्टेडियम बनाने की सांसद ने की घोषणा
टूर्नामेंट के समापन समारोह के दौरान सांसद ढुलू महतो ने डंडाटांड़ के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि डंडाटांड़ के इस खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित कराने के लिए वे जल्द ही टूर्नामेंट कमेटी के सदस्यों के साथ दिल्ली जाएंगे। वहां केंद्रीय खेल मंत्री से मुलाकात कर मैदान को स्टेडियम का स्वरूप देने की मांग रखेंगे।
सांसद की इस घोषणा से स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि इस पहल से डंडाटांड़ मैदान को आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त स्टेडियम के रूप में विकसित करने का रास्ता खुलेगा। इससे टुंडी और आसपास के ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता निखारने और बड़े मंचों तक पहुंचने का बेहतर अवसर मिल सकेगा।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
तीन दिनों तक चले इस फुटबॉल टूर्नामेंट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी फुटबॉल के प्रति युवाओं का जुनून और खेल प्रतिभा किसी बड़े शहर से कम नहीं है। 30 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण झारखंड में फुटबॉल आज भी लोगों के दिलों में खास जगह रखता है।
जेएस मेमोरियल क्लब की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि ग्रामीण एकजुटता, आपसी भाईचारे और खेल संस्कृति को भी बढ़ावा दिया।
अब क्षेत्र के खेल प्रेमियों की निगाहें सांसद द्वारा की गई स्टेडियम निर्माण की पहल पर टिकी हैं। यदि यह प्रयास सफल होता है, तो डंडाटांड़ आने वाले समय में ग्रामीण फुटबॉल और खेल प्रतिभाओं के विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।
इसे भी पढ़ें- Dhanbad AISA: धनबाद में आईसा का दूसरा जिला सम्मेलन संपन्न







