Godda News: गोड्डा जिले की मेहरमा थाना पुलिस ने चोरी के मामलों में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। मेहरमा और बलबड्डा थाना क्षेत्र के विभिन्न सरकारी स्कूलों, पंचायत भवनों और दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में बीते कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाओं ने आम लोगों में भय का माहौल बना दिया था। इस पर मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमर कुमार तांती, पिता विनोद तांती, निवासी ग्राम मिर्जागांव, थाना इशीपुर, बाराहाट, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में की है। अभियुक्त घटना के बाद से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पूछताछ में अभियुक्त ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम जानकारी दी।
Also Read: किड्जी नाम की फर्जी स्कूल फिर विवाद में, स्कूल की प्रिंसिपल पर गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त गिरोह के सरगना के संपर्क में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ ठाकुर के नेतृत्व में पहले भी कई शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।





