जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में खुद को SIR कर्मी बताकर महिला के घर में घुसने, उसे बंधक बनाने और मारपीट कर सोने के आभूषण लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए सोने के आभूषणों को गलाकर तैयार किया गया करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त को मानगो के रोड नंबर-15 स्थित श्रीकृष्ण उद्यान कॉम्प्लेक्स के फ्लैट नंबर ई/5 में कुछ आरोपी खुद को SIR कर्मी बताकर दाखिल हुए थे। घर में मौजूद महिला लिलावती अम्मा को आरोपियों ने कथित तौर पर बंधक बना लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और उनके पहने हुए सोने के आभूषण लूट लिए गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष छापामारी टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी सहयोग और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरसानगर निवासी राकेश बहादुर उर्फ राकू, बारीडीह बस्ती निवासी अभिषेक कुमार दास, जुगसलाई निवासी तबस्सुम खातून और मानगो निवासी समरेश पॉल उर्फ नान्टु पॉल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से लूटे गए आभूषणों को गलाने के बाद तैयार किया गया चपटा गोलाकार रूप का करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया गया है। पुलिस अब इस मामले में लूटे गए अन्य सामान और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राकेश बहादुर के खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थानों में लूट, डकैती की तैयारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं, समरेश पॉल के खिलाफ परसुडीह थाना में लूट और जीआर केस दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। अभिषेक कुमार दास के खिलाफ भी सिदगोड़ा थाना में मामला दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
फिलहाल चारों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस घटना में उनकी भूमिका और लूटे गए आभूषणों के संबंध में आगे की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात की योजना किस तरह बनाई गई थी और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता थी या नहीं।






