झारखंड में 48 नगर निकायों के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान अब तक शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। सुबह 7 बजे से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जो अपने शहर की सरकार चुनने के लिए उत्साहित हैं। वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी, जिसके बाद 6 हजार से ज्यादा प्रत्याशियों की किस्मत बैलेट बॉक्स में कैद हो जाएगी।

राज्य के चुनाव निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चुनाव में कुल 43.43 लाख से अधिक वोटर्स हैं। झारखंड के कुल 48 निकायों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतें शामिल हैं, जिनके लिए आज वोटिंग हो रही है। कुल 1,087 वार्ड हैं, लेकिन पार्षदों के लिए मतदान केवल 1,042 वार्डों में ही हो रहा है, क्योंकि 41 पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इन वार्डों में दूसरे प्रत्याशी मैदान में नहीं हैं। 3 वार्डों में नामांकन नहीं होने के कारण वे खाली रह गए, और एक वार्ड में प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव टाल दिया गया है। हालांकि, इन वार्डों में मेयर और अध्यक्ष के लिए वोटिंग कराई जा रही है।
छिटपुट घटनाओं को छोड़कर अब तक का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। चतरा में एक वार्ड परिषद प्रत्याशी को पैसे बांटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चाईबासा में JMM और BJP समर्थक आपस में भिड़ गए।
झारखंड नगर निकाय चुनाव में 6 हजार से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में हैं। मेयर और अध्यक्ष पद के लिए 562 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि वार्ड पार्षद के 5,562 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतदाता करेंगे। यानी कुल 6,124 प्रत्याशियों का भाग्य आज शाम 5 बजे तक बैलेट बॉक्स में बंद हो जाएगा। वोटों की गिनती 27 फरवरी को होगी, उसके बाद रुझान और नतीजे आने शुरू होंगे। चूंकि चुनाव बैलेट पेपर से हो रहे हैं, इसलिए वोटों की गिनती प्रक्रिया में ज्यादा समय लगने की संभावना है।
Aslo Read- गौतम अडानी ने देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा‑अर्चना की





