उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात के तहत झारखंड के जमशेदपुर के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 10 बजे राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई। जानकारों के अनुसार विक्रम शर्मा के जिम से बाहर निकलते ही घात लगाए हमलावरों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरु कर दिया। बेहद करीब से हुए इस हमले में विक्रम को तीन गोलियां लगीं। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी वहीं मौत हो गई।

तीनों हमलावर बाइक से फरार
पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में तीन बदमाश शामिल थे। दो शूटर मॉल के अंदर मौजूद थे, जबकि तीसरा बाहर बाइक पर इंतजार कर रहा था। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। आशंका है कि कई दिनों की रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
विक्रम शर्मा पर 50 से ज्यादा आपराधिक मामले
मूल रूप से बाजपुर का रहने वाला विक्रम शर्मा झारखंड में अपराध की दुनिया का एक बड़ा नाम था। विक्रम शर्मा के खिलाफ 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। जिनमें करीब 30 हत्या के मामले बताए जा रहे हैं। 2 नवंबर 2007 को जमशेदपुर के साकची आम बागान के पास श्री लेदर्स के मालिक आशीष डे की हत्या के भी ये आरोपी थे। विक्रम फिलहाल जमानत पर बाहर था और देहरादून में किराये के फ्लैट में रह रहा था। लाइसेंसी पिस्टल उसकी जान नहीं बचा पाई। क्योंकि हमला इतना अचानक था कि वह हथियार तक नहीं निकाल सका।पुलिस इस हत्याकांड को गैंगवार या पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। देहरादून पुलिस झारखंड पुलिस के संपर्क में है और जांच के लिए एसटीएफ की टीम गठित की गई है।
जमशेदपुर से जुड़ सकते हैं हत्याकांड का तार
सूत्रों के मुताबिक हत्या के तार झारखंड के जमशेदपुर से जुड़े हो सकते हैं। विक्रम शर्मा लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और कई चर्चित हत्याकांडों में उसका नाम सामने आ चुका था। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहर के बीचों बीच हुई इस वारदात से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दहशत का माहौल है।





